पुष्पा’ स्टाइल में शराब तस्करी का भंडाफोड़: ट्रक के अंदर बना रखा था गुप्त केबिन, ऊपर मिट्टी की बोरियों से छिपाई थीं 12,356 बोतल,

कई  लाख रुपये की विदेशी शराब, 18 चक्का ट्रक, बाइक और मोबाइल जब्त

दस्तक 7 मीडिया /कुशेश्वरस्थान

बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताते हुए फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर शराब की बड़ी खेप तस्करी कर लाई जा रही थी। तस्करों ने 18 चक्का ट्रक के अंदर विशेष रूप से गुप्त केबिन (हिडन चेंबर) तैयार कर उसमें विदेशी शराब छिपा रखी थी, जबकि बाहर से ट्रक में मिट्टी से भरे बोरे लाद दिए गए थे ताकि किसी को शक न हो। हालांकि दरभंगा पुलिस की सतर्कता के आगे तस्करों की यह चालाकी नहीं चल सकी और करोड़ों की तस्करी का प्रयास विफल हो गया।

दरभंगा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर आसो चिमनी के पास से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध 18 चक्का ट्रक (संख्या PB 13 BA 7995) को रोककर उसकी गहन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस भी उस समय हैरान रह गई जब ट्रक के भीतर बनाए गए गुप्त केबिन से एक के बाद एक विदेशी शराब की पेटियां निकलने लगीं। पुलिस ने कुल 12,356 बोतल विदेशी शराब, जिसकी कुल मात्रा 3,492.098 लीटर है, बरामद की गई हें। जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 69 लाख रुपये बताया गया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब से लदे ट्रक के अलावा एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (BR 33 AR 4711) तथा तस्कर का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद मोबाइल के आधार पर पुलिस अब शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुट गई है।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है और पूरे मामले में शराब तस्करी के सिंडिकेट की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शराब के अवैध निर्माण, भंडारण, सेवन और परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा किसी भी स्तर पर शराब माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा।