बिरौल थाना, करोड़ों का नया भवन, पर सुरक्षा ‘राम भरोसे’  ,अब तक नहीं लगे CCTV कैमरे

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

एक तरफ पुलिस महकमा अत्याधुनिक तकनीक और डिजिटल सर्विलांस के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, तो दूसरी तरफ बिरौल थाना का नया भवन और उसका पूरा परिसर सुरक्षा के लिहाज से पूरी तरह से राम भरोसे चल रहा है। हैरत की बात यह है कि थाने के नए भवन के निर्माण और हस्तांतरण के लंबा समय बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से इसे अब तक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों से लैस नहीं किया गया है।
थाना परिसर में प्रतिदिन दर्जनों फरियादी, संदिग्ध और असामाजिक तत्व पहुंचते हैं। ऐसे में विशेष निगरानी और परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखना बेहद जरूरी है। लेकिन कैमरों की गैर-मौजूदगी के कारण सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ा ‘ब्लाइंड स्पॉट’ बना हुआ है। सीसीटीवी न होने से न सिर्फ थाने में आने वाले आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है, बल्कि पुलिसकर्मियों की कार्यशैली और सुरक्षा पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। कैमरे न होने से ऐसी किसी भी मामले में घटना में सच और झूठ का पता लगाना नामुमकिन सा हो जाता है। रात के अंधेरे में या दिन-दिहाड़े थाना परिसर में कौन आ-जा रहा है, इसका कोई डिजिटल रिकॉर्ड नहीं बन पा रहा है। बड़ा सवाल
जब सुरक्षा देने वाली एजेंसी यानी पुलिस खुद ही बिना तीसरी आंख (CCTV) के काम करने को मजबूर हो, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल होगा? विभाग इस ओर ध्यान देने के लिए किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार क्यों कर रहा है?
स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध नागरिकों ने गृह विभाग और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिरौल थाना परिसर और नए भवन को तत्काल अत्याधुनिक हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाए, ताकि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था और थाने की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हो सके। थानाध्यक्ष चन्द्र मणी ने बताया कि यह विभाग का मामला है।