SH-56 पर महीनों से अवैध रूप से लगा हुआ ईटों का ढेर,सड़क सुरक्षा नियमों की उड़ रही धज्जियां

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

नगर पंचायत बिरौल से गुजरने वाली राज्य मार्ग (SH-56) से सटी सड़क पर महीनों से अवैध रूप से ईंटों का ढेर लगा हुआ है, जो सड़क सुरक्षा के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहा है। भूमि विवाद के चलते उत्पन्न स्थिति के बीच सड़क पर किनारे किए गए इस अतिक्रमण से कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है, लेकिन प्रशासनिक चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,नगर पंचायत के बिरौल-कुशेश्वर मुख्य मार्ग पर वनदेवी नगर में एक भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचा और स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य को तो तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। हालांकि, विडंबना यह है कि जिस पक्ष द्वारा विवादित स्थल पर ईंटें मंगवाई गई थीं, उन्हें प्रशासन की ओर से अब तक इन ईंटों को हटाने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है। नतीजतन, महीनों से निर्माण सामग्री सड़क की पटरियों और किनारे पर जस की तस पड़ी हुई है।
मुख्य सड़क के इतने करीब ईंटों का इस तरह लंबे समय तक जमा रहना किसी बड़े हादसे को सीधा आमंत्रण देने के बराबर है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते उचित कदम नहीं उठाया, तो कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है। पुलिस प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करते हुए विवादित स्थल पर महीनों से अवैध रूप से रखे गए ईंटों के इस ढेर को तुरंत जब्त कर लेना चाहिए और इसे थाने ले जाना चाहिए, ताकि सड़क को पूरी तरह सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके।