घरेलू सामान की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 630 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार,

गायघाट थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप वाहन से 70 कार्टन ‘रॉयल स्टैग’ व्हिस्की बरामद

गायघाट (मुज़फ़्फ़रपुर), दीपक कुमार।

मुज़फ़्फ़रपुर जिले के गायघाट थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 630 लीटर विदेशी शराब की खेप बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पिकअप वाहन (PB 08 FS 0728) को रोककर तलाशी ली, जिसमें घरेलू सामान की आड़ में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी।

तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन से कुल 70 कार्टन ‘रॉयल स्टैग’ व्हिस्की बरामद की। इनमें 375 मिलीलीटर की 24 बोतलों वाले 15 कार्टन (135 लीटर) तथा 750 मिलीलीटर की 12 बोतलों वाले 55 कार्टन (495 लीटर) शामिल हैं। इस प्रकार कुल 630 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान शुभम तिवारी (30 वर्ष, रायबरेली, उत्तर प्रदेश), सोनू कुमार (22 वर्ष, बोचहां, मुज़फ़्फ़रपुर) और पिंकू महतो (28 वर्ष, रोसड़ा, समस्तीपुर) के रूप में हुई है।

पुलिस ने जब्त शराब और पिकअप वाहन को अपने कब्जे में लेकर तीनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच शुरू कर दी गई है।