पटना हाईकोर्ट में छह वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों का तबादला, अधिवक्ता कल्याण समिति ने किया स्वागत,

कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश को दी बधाई, शिवहर में संजय अग्रवाल की नियुक्ति पर जताई विशेष खुशी।

दस्तक 7मीडिया /संजय कुमार राय 

पटना उच्च न्यायालय द्वारा राज्य के छह वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थापित किए जाने के निर्णय का अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति (युवा प्रकोष्ठ) ने स्वागत किया है। समिति ने इसे न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

समिति के राष्ट्रीय महामंत्री सुशील कुमार चौधरी ने कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश को बधाई देते हुए कहा कि न्यायिक प्रशासन में समय-समय पर होने वाले तबादले और नई पदस्थापनाओं से न्यायिक कार्यों में गति आती है तथा आम लोगों का न्यायपालिका के प्रति विश्वास और मजबूत होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवपदस्थापित सभी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अपने अनुभव और कार्यकुशलता के बल पर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन में अहम भूमिका निभाएंगे।

समिति ने विशेष रूप से संजय अग्रवाल को शिवहर का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। सुशील कुमार चौधरी ने कहा कि पटना उच्च न्यायालय में संपादक के रूप में कार्य करते हुए संजय अग्रवाल ने विधि साहित्य, न्यायिक लेखन और प्रशासनिक दक्षता की अलग पहचान बनाई है। उनका अनुभव और न्याय के प्रति समर्पण शिवहर की न्याय व्यवस्था को नई दिशा देगा।

समिति ने इसके अलावा अनामिका टी. को पटना, शिव गोपाल मिश्रा को पश्चिम चंपारण (बेतिया), डॉ. राकेश कुमार सिंह-प्रथम को सुपौल, आनंद नंदन सिंह को वैशाली (हाजीपुर) तथा अनंत सिंह को सारण (छपरा) का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाए जाने पर भी शुभकामनाएं दी हैं।

समिति ने विश्वास जताया कि सभी नवपदस्थापित न्यायिक अधिकारी पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, जिससे आम नागरिकों को त्वरित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण न्याय मिल सकेगा।