लोहिया चौक पर उपद्रवियों द्वारा  पुलिस पर जानलेवा हमला मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक ने शहर वासियों से मांगा सहयोग , उपद्रवियों की तस्वीर जारी ,आप बताए नाम और पता ,नाम रखा जाएगा गोपनीय।

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

लहेरियासराय थाना क्षेत्र के लोहिया चौक (हाजमा चौराहा) पर गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी। प्रदर्शन में शामिल कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस बल पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला और पुरुष दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। उपद्रवियों ने न केवल पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाए, बल्कि सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। इस दौरान मौके पर मौजूद आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों को भी निशाना बनाया गया।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने नियंत्रण बल का प्रयोग कर उपद्रवियों को तितर-बितर किया और हालात पर काबू पाया। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा हिंसा में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

सोशल मीडिया से होगी पहचान, तस्वीरें की गईं जारी

दरभंगा पुलिस ने हिंसा में शामिल संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी करते हुए आम लोगों से सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जो भी व्यक्ति इन तस्वीरों में दिख रहे लोगों की पहचान कर सकता है, वह फोटो के क्रमांक के आधार पर उनकी जानकारी उपलब्ध कराए। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

आम जनता से सहयोग की अपील

पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। यदि किसी के पास घटना से संबंधित वीडियो, फोटो या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी है, तो उसे तत्काल पुलिस के साथ साझा करें ताकि हिंसा में शामिल सभी उपद्रवियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

इन नंबरों पर दें सूचना

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय (नियंत्रण कक्ष): 87573 69444, लहेरियासराय थानाध्यक्ष: 9031827317

दरभंगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हिंसा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस एवं आम नागरिकों पर हमला करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिलेवासियों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की गई है।