शराब के नशे में धुत प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) गिरफ्तार, सरकारी गाड़ी से 5 शराब व 5 बीयर की बोतल बरामद

लखीसराय, संवाददाता 

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच लखीसराय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खगड़िया सदर प्रखंड में पदस्थापित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) दीपक कुमार भारद्वाज और उनके चालक दीपक कुमार को पुलिस ने शराब के नशे में हंगामा करते हुए गिरफ्तार किया है। टाउन थाना पुलिस ने उनकी सरकारी गाड़ी से 5 बोतल विदेशी शराब और 5 बोतल बीयर बरामद की है।

घटना लखीसराय शहर के पूर्वी कार्यानंद नगर मोहल्ले की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान ‘जिला प्रशासन’ लिखी सरकारी गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें शराब और बीयर की बोतलें मिलीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी शराब के नशे में थे और इलाके में हंगामा कर रहे थे। मेडिकल जांच के बाद दोनों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दीपक कुमार भारद्वाज के खिलाफ पहले से एक मामले में गिरफ्तारी वारंट भी जारी था। इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है, क्योंकि शराबबंदी वाले राज्य में एक सरकारी अधिकारी पर ही कानून तोड़ने और सरकारी वाहन के दुरुपयोग का आरोप लगा है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।