बिरौल में चोरी, अज्ञात चोरों ने डेढ़ लाख नकद और लाखों के जेवरात पर किया हाथ साफ,डॉग स्क्वाड की टीम पहुंची।

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के सोनवेहट गांव में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। पीड़ित रंजीत यादव ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि बीती रात अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया और लाखों की चल संपत्ति चोरी कर ली। सूचना मिलते ही थाना से पुलिस पदाधिकारी के अलावा डॉग स्क्वाड की टीम भी घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच किया। लेकिन पुलिस को कुछ भी हाथ नहीं लगा। पीड़ित के अनुसार, घटना 15 जुलाई 2026 की रात की है। रंजीत यादव ने बताया कि रात के करीब 11 बजे बिजली कटने के बाद उनका पूरा परिवार सोने के लिए छत पर चला गया था। इस दौरान घर खाली था। सुबह जब परिवार नीचे आया, तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा और अलमीरा का ताला टूटा हुआ है। पीड़ित के अनुसार,अज्ञात चोर घर से 1,50,000 रुपये नकद और उनकी पत्नी के सभी जेवरात चोरी कर ले गये। घटना की सूचना पीड़ित ने बिरौल थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों की पहचान करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष चंन्द्र मणी से जब संपर्क करने का प्रयास किया तो बात नहीं हो पाया। वहीं अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने पुछने पर बताया कि पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन पर अज्ञात चोर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया गया है।