21 जुलाई को दरभंगा के 36 पंचायतों व 12 नगर निकायों में लगेगा सहयोग शिविर, डीएम-एसएसपी ने जारी किए निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 जुलाई को 36 पंचायतों एवं 12 नगर निकाय क्षेत्रों में वार्डवार सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला ने संयुक्त आदेश जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

डीएम ने बताया कि शिविर का शुभारंभ सुबह 9 बजे होगा। सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों, पंचायत कर्मियों और नगर निकाय के कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदन और परिवाद पत्रों के लिए अलग से कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी आवेदनों का पंजीकरण कर उन्हें संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।

निर्देश के अनुसार, सहयोग शिविर के दिन प्राप्त होने वाले सभी आवेदन और पहले से लंबित परिवादों को सहयोग पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदनों का निष्पादन कर कार्रवाई प्रतिवेदन उपलब्ध कराना होगा, ताकि आवेदकों को लिखित रूप से जानकारी दी जा सके।

डीएम ने यह भी कहा कि जिन प्रखंडों में एक ही दिन दो पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे, वहां अतिरिक्त प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, नगर निकायों और पंचायतों के जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शिविर की व्यापक जानकारी लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।

विधि-व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला ने सभी थानाध्यक्षों को संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों से समन्वय बनाकर शिविरों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी थानाध्यक्ष स्वयं मौजूद रहकर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करेंगे।

लोगों को मिलेंगी योजनाओं की जानकारी

शिविर में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों के शिविरों की निगरानी डीआरडीए और नगर निकाय क्षेत्रों की निगरानी नगर निगम करेगा। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है।