शटडाउन के बावजूद ट्रांसफार्मर पर चढ़े मानव बल कर्मी की करंट लगने से मौत, परिजनों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप 

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान


दरभंगा जिले के मब्बी थाना क्षेत्र अंतर्गत करहटिया शाहबाजपुर वार्ड संख्या-6 निवासी मोहम्मद नबी हसन (38) की बुधवार देर रात बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। मृतक स्वर्गीय इजहारुल हक के पुत्र थे। घटना उस समय हुई जब वे 11 हजार वोल्ट की लाइन की मरम्मत के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़े थे।
परिजनों के अनुसार, लाइन की मरम्मत के लिए शटडाउन लिया गया था। इसके बावजूद किसी ने बिजली आपूर्ति चालू कर दी, जिससे ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे नबी हसन करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव ट्रांसफार्मर पर ही चिपक गया। बाद में हाइड्रोलिक मशीन की मदद से शव को नीचे उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया।
मृतक के छोटे भाई हैदर अली ने बताया कि नबी हसन अविवाहित थे और पिछले करीब एक वर्ष से मानव बल के रूप में बिजली विभाग में कार्यरत थे। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। घटना के समय उनके साथ लाइनमैन आशीष कुमार, के (जेई) प्रसनजीत कुमार मिश्रा तथा मानव बल कर्मी दिलखुश कुमार और श्याम भी मौजूद थे, जो सुरक्षित हैं।


परिजनों का आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद तक बिजली विभाग के किसी अधिकारी या कर्मी ने परिवार से संपर्क नहीं किया। वहीं, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पुलिस की मौजूदगी में कराई जा रही है। खबर लिखे जाने तक बिजली विभाग का कोई प्रतिनिधि डीएमसीएच नहीं पहुंचा था।
स्थानीय मुखिया ने घटना को बिजली विभाग की घोर लापरवाही बताते हुए जेई और संबंधित लाइनमैन को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी नहीं दी गई तो सड़क जाम कर आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।