बिहार में इंस्पेक्टर से डीएसपी प्रमोशन की तैयारी तेज, पुलिस मुख्यालय ने मांगे आवेदन; 1700 तक वरीयता वाले अधिकारियों को 3 दिन का समय

दस्तक 7मीडिया /पटना /दरभंगा 

बिहार पुलिस में पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) से पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया तेज हो गई है। पुलिस मुख्यालय ने संभावित रिक्तियों के विरुद्ध पदोन्नति की तैयारी शुरू करते हुए राज्य के सभी जिलों के एसएसपी एवं एसपी को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत योग्य पुलिस निरीक्षकों एवं समकक्ष कोटि के अधिकारियों से आवेदन मांगे गए हैं।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश के आलोक में जारी पत्र में कहा गया है कि जिन पुलिस निरीक्षकों एवं समकक्ष पदाधिकारियों का संयुक्त वरीयता क्रमांक 1700 तक है, वे अपना आवेदन वरीयता क्रमांक की छायाप्रति के साथ संबंधित रक्षित आरक्षी निरीक्षक (प्रथम) कार्यालय में तीन दिनों के भीतर जमा करें, ताकि पदोन्नति के लिए मनोनयन सूची तैयार की जा सके।

पत्र के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय), बिहार, पटना के 2 जुलाई 2026 के निर्देश तथा पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, दरभंगा के 7 जुलाई 2026 के आदेश के आधार पर सभी संबंधित अधिकारियों की गोपनीय चरित्रावली (वा.गो.च.अ.), सेवा सम्पुष्टि एवं सेवा पुस्तिका को अविलंब अद्यतन करने का निर्देश दिया गया है।

इसी क्रम में मधुबनी ,दरभंगा ,समस्तीपुर के अलावा अन्य जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थानाध्यक्षों, ओपी अध्यक्षों एवं प्रतिष्ठान प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे संबंधित पुलिस निरीक्षकों को इसकी जानकारी देकर समय सीमा के भीतर आवेदन जमा कराना सुनिश्चित करें। साथ ही सेवा पुस्तिका शाखा को भी सभी पात्र अधिकारियों की सेवा पुस्तिका अद्यतन करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस महकमे में माना जा रहा है कि यह कवायद राज्य में डीएसपी के संभावित रिक्त पदों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने के बाद  पुलिस निरीक्षकों को डीएसपी बनने का अवसर मिल सकता है।बताया जा रहा हे कि यह पद सिर्फ 94बैच के पुलिस निरीक्षकों के लिये हे।इस बैच के इंस्पेक्टर पूर्व में डीएसपी बन चुके हे ,और जो बचे हुये हे उन्हें प्रोन्नति देने के लिये विभाग प्रयासरत हे।