सहयोग पोर्टल के आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करें, लंबित मामलों का रोज करें रिव्यू : डीएम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदनों की अद्यतन स्थिति, लंबित मामलों तथा उनके निष्पादन की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग नियमित रूप से पोर्टल की मॉनिटरिंग करें और प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निपटारा करते हुए उसकी अद्यतन जानकारी पोर्टल पर अपलोड करें।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित मामलों की प्रतिदिन समीक्षा कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।