दो दिव्यांगों को मिली सिलाई मशीन, आत्मनिर्भर बनने की राह हुई आसान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा

डॉ. मोहन चौधरी मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त दो दिव्यांग महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन प्रदान की गई। संस्था की पहल पर एसआरवी पब्लिक स्कूल, गोढ़ैला की ओर से दोनों सिलाई मशीन उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में मोरो थानाध्यक्ष दिव्य ज्योति ने बसुआरा गांव की दिव्यांग चांदनी देवी को सिलाई मशीन भेंट कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। वहीं विद्यालय के निदेशक प्रणय प्रभाकर ने पटोरी गांव की दिव्यांग सोनी कुमारी को सिलाई मशीन प्रदान करते हुए आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी विजय चौधरी ने कहा कि संस्था दिव्यांगों, जरूरतमंदों और पीड़ित मानवता की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। समाज के वंचित वर्ग के उत्थान और दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाने की मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

कार्यक्रम में राकेश चौधरी, सेवानिवृत्त सैनिक विमल चौधरी, संतोष कुमार, बबलू पंडित, प्रशिक्षक नीलम देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सिलाई मशीन मिलने के बाद दोनों दिव्यांग महिलाओं के चेहरे पर आत्मनिर्भर बनने की उम्मीद साफ झलक रही थी।