समस्तीपुर जिला अंतर्गत मथुरापुर थाना पुलिस को वाहन जांच में मिली बड़ी सफलता: अमन सहनी गिरोह के तीन अपराधी हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार
समस्तीपुर जिला अंतर्गत मथुरापुर थाना पुलिस को वाहन जांच में मिली बड़ी सफलता: अमन सहनी गिरोह के तीन अपराधी हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार
समस्तीपुर जिला अंतर्गत मथुरापुर थाना पुलिस को वाहन जांच में मिली बड़ी सफलता: अमन सहनी गिरोह के तीन अपराधी हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
समस्तीपुर। जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अमन सहनी गिरोह से जुड़े तीन अपराधियों को अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (3 जुलाई 2026) की शाम मथुरापुर थाना अध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रजनीश कुमार (मुगलानी चक, वारिसनगर थाना), रविकांत कुमार उर्फ रवि (अमसौर, खानपुर थाना) तथा सुदामा कुमार (बलिगांव, वैशाली) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस मामले में मथुरापुर थाना कांड संख्या 60/2026 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार रविकांत कुमार उर्फ रवि के खिलाफ वारिसनगर थाना में वर्ष 2024 का आर्म्स एक्ट का मामला पहले से दर्ज है। पुलिस अब तीनों आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क, गिरोह से संबंध और संभावित आपराधिक योजनाओं की भी गहन जांच कर रही है।
इस सफल कार्रवाई में मथुरापुर थानाअध्यक्ष के अलावे कई पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।