दरभंगा में 8 जुलाई को लगेगा जॉब कैंप, 50 पदों पर होगी भर्ती,10वीं, 12वीं व स्नातक पास अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग, चयनित युवाओं को पूरे बिहार में मिलेगा रोजगार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा द्वारा आगामी 8 जुलाई (बुधवार) को संयुक्त श्रम भवन, रामनगर (आईटीआई के निकट), लहेरियासराय स्थित कार्यालय परिसर में जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगा।

जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, Svatantra Microfin Pvt. Ltd. द्वारा एसएफओ (SFO) के 50 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 12,500 रुपये सीटीसी प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा तथा उनकी नियुक्ति बिहार के विभिन्न जिलों में की जाएगी।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि चयनित अभ्यर्थियों के लिए दोपहिया वाहन एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक संख्या में जॉब कैंप में शामिल होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।

जॉब कैंप में भाग लेने के लिए नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी भारत सरकार के एनसीएस पोर्टल पर स्वयं अथवा अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा पहुंचकर पंजीकरण करा सकते हैं। अभ्यर्थियों को बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पांच रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति साथ लानी होगी।

जॉब कैंप में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।