आर्म्स एक्ट के मामले में दो प्राथमिक अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर। 

स्थानीय थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में कार्रवाई करते हुए दो प्राथमिक अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बहेड़ा थाना क्षेत्र के जोघट्टा गांव निवासी राजेंद्र सहनी के पुत्र संतोष सहनी और संजय सहनी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ घनश्यामपुर थाना में दर्ज कांड संख्या 03/26 में आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर दर्ज इस मामले में दोनों को प्राथमिक अभियुक्त बनाया गया था। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले के दर्ज होने के बाद से पुलिस लगातार दोनों आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बहेड़ा थाना क्षेत्र के जोघट्टा गांव स्थित उनके घर पर छापेमारी की और दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें थाना लाकर पूछताछ की गई तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार को दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए घनश्यामपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और यदि जांच के दौरान अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून के दायरे में लाकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।