NH-27 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर घायल; भाग रहा ट्रक पुलिस ने किया जब्त

दीपक कुमार/गायघाट

गायघाट (मुजफ्फरपुर): गायघाट थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर मंगलवार को हनुमान नगर के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए घायल को उठाकर गायघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।

घायल युवक की पहचान राजा कुमार, पिता मुन्नी राय, के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इधर, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन गायघाट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।