बिहार पुलिस दूरसंचार सिपाही भर्ती परीक्षा 28 जून को, 24 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) के 993 पदों पर भर्ती के लिए 28 जून (रविवार) को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने संयुक्त आदेश जारी कर परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

जिले के शहरी क्षेत्र स्थित 24 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रत्येक केंद्र पर जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी पुलिसकर्मियों को परीक्षा के दिन सुबह 9 बजे तक संबंधित केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। वहीं, परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली की व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी और जैमर के संचालन की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर दो-दो कार्यपालक सहायकों की भी तैनाती की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 10 बजे खोले जाएंगे और 11 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की अलग-अलग फ्रिस्किंग होगी तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला कर्मियों द्वारा पृथक कक्ष में की जाएगी।

सभी केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों को परीक्षा दिवस पर सुबह 8 बजे तक केंद्र पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि सीसीटीवी, जैमर और अन्य तकनीकी उपकरणों का संचालन बाधित न हो।

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई फर्जी परीक्षार्थी, ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अनुचित साधनों से दूर रहने की अपील की है।