दरभंगा ब्रेकिंग: डीएमसीएच परिसर में मोबाइल टावर पर चढ़ा नर्सिंग कॉलेज का छात्र, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

उत्तर बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बीएससी नर्सिंग कॉलेज का एक छात्र मोबाइल टावर पर चढ़ गया। छात्र की पहचान वर्ष 2023-26 बैच के छात्र सूरज कुमार पांडे के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र अस्पताल परिसर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहीं से कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। छात्र बीएससी नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य को निलंबित करने की मांग कर रहा है। इसके साथ ही उसने इंटरनल परीक्षा में अपने अंक बढ़ाने की मांग भी उठाई है।

छात्र के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही डीएमसीएच परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों, उनके परिजनों तथा कर्मियों के बीच कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे तथा छात्र को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।

मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि छात्र काफी देर तक टावर पर बैठा रहा और अपनी मांगों को लेकर अड़ा हुआ था। घटना को लेकर अस्पताल परिसर में अफवाहों का दौर भी चलता रहा, जिससे वहां मौजूद लोगों की चिंता बढ़ गई। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा छात्र को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल छात्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टावर के आसपास लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक छात्र टावर पर मौजूद था और प्रशासन उसे नीचे उतारने की कोशिश में जुटा हुआ था। घटना के कारण डीएमसीएच परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।