24 घंटे में मोबाइल झपटमारी का खुलासा, तीन नाबालिग बाल सुधार गृह भेजे गए, मोबाइल खरीदने वाला दुकानदार गिरफ्तार

दस्तक 7 मिडिया घनश्यामपुर।

स्थानीय थाना क्षेत्र के तुमौल स्थित संस्कार वैली पब्लिक स्कूल के समीप शुक्रवार को हुई मोबाइल झपटमारी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में संलिप्त तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है, जबकि छीना गया मोबाइल खरीदने के आरोप में एक दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने झपटा गया मोबाइल फोन समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपितों को तुमौल ईंट भट्ठा के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर झपटमारी में छीना गया मोबाइल फोन पाली गांव स्थित एक मोबाइल दुकान से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, नाबालिगों के पास से पीड़िता का आधार कार्ड, बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज तथा अन्य मूल प्रमाण पत्र भी बरामद किए गए हैं। मामले में मोबाइल खरीदने के आरोप में पाली निवासी मोबाइल दुकानदार मो.चांद को गिरफ्तार किया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दुकानदार को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि तीनों नाबालिगों को विधि निरुद्ध करते हुए लहेरियासराय स्थित बाल सुधार गृह भेजा गया है।