बिहार के नए महाधिवक्ता बने सत्यदर्शी संजय

दस्तक 7मीडिया ,पटना /

बिहार सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यदर्शी संजय (एस.डी. संजय) को राज्य का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया है। विधि विभाग द्वारा भारतीय संविधान के अनुच्छेद 165(1) के तहत राज्यपाल की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

यह नियुक्ति पूर्व महाधिवक्ता प्रशांत कुमार शाही के इस्तीफे के बाद की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई थी।

सत्यदर्शी संजय का कानूनी क्षेत्र में लंबा और समृद्ध अनुभव रहा है। वे देश के सर्वोच्च न्यायालय में भारत सरकार के अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2010 से 2014 तक वे बिहार सरकार के अतिरिक्त महाधिवक्ता के पद पर भी कार्यरत रहे।

उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी उल्लेखनीय रही है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से विधि की पढ़ाई पूरी की और अपने अधिवक्ता जीवन की शुरुआत पटना उच्च न्यायालय से की थी।

कानून के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव और विशेषज्ञता को देखते हुए उनकी नियुक्ति को बिहार सरकार के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उनसे राज्य सरकार के विभिन्न संवैधानिक और कानूनी मामलों में प्रभावी पैरवी की अपेक्षा की जा रही है।