मतदाता सूची में नाम जोड़ने को चलेगा विशेष अभियान, 20 से 28 जून तक बूथों पर रहेंगे बीएलओ,

महिला एवं 18-19 आयुवर्ग के छूटे पात्र मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में स्वच्छ एवं स्वस्थ निर्वाचक सूची के निर्माण को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 20, 21, 27 एवं 28 जून को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य छूटे हुए पात्र महिला मतदाताओं तथा 18 से 19 वर्ष आयुवर्ग के नए मतदाताओं का नाम निर्वाचक सूची में जोड़ना है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग की प्राथमिकताओं में संतुलित लिंगानुपात और युवाओं की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित करना शामिल है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार राज्य का लिंगानुपात 918 है, जबकि वर्तमान मतदाता सूची में यह आंकड़ा 893 है। समीक्षा में पाया गया कि 83-दरभंगा विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर जिले के अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम है।

जिलाधिकारी ने बताया कि गौड़ाबौराम, दरभंगा ग्रामीण, बहादुरपुर, केवटी और जाले विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची का लिंगानुपात राज्य औसत से भी कम है। इसे सुधारने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

निर्धारित विशेष अभियान दिवसों पर सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर आवश्यक प्रपत्रों के साथ उपस्थित रहेंगे और पात्र महिला एवं युवा मतदाताओं से प्रपत्र-6 प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। बीएलओ सुपरवाइजरों को भी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर कार्यों की निगरानी करने तथा प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बीएलओ अथवा सुपरवाइजर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को कम से कम 20 प्रतिशत मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने तथा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को औचक जांच कर कार्यों का सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

अभियान की सफलता के लिए 19 जून को सभी विधानसभा मुख्यालय प्रखंडों में बीएलओ की बैठक-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया और अभियान संचालन संबंधी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।