दरभंगा में ट्रैफिक सुधार की बड़ी पहल, कर्पूरी चौक-दोनार चौक मार्ग होगा वन-वे, डीएम कौशल कुमार ने की समीक्षा बैठक, अतिक्रमण हटाने, नो ट्रैफिक जोन विकसित करने और एनएच पर ट्रकों की अवैध पार्किंग रोकने के दिए निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में बढ़ते यातायात दबाव, सड़क अतिक्रमण तथा आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में डीएम ने कर्पूरी चौक से दोनार चौक तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से जाम की समस्या कम होगी और वाहनों का आवागमन अधिक सुचारु हो सकेगा। साथ ही स्पष्ट किया कि एम्बुलेंस सेवा पूर्ववत संचालित रहेगी और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने लहेरियासराय टावर से लोहिया चौक तक सड़क किनारे लगे ठेला, सब्जी एवं फल विक्रेताओं सहित अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने यातायात संचालन के लिए चयनित क्षेत्रों को ‘नो ट्रैफिक जोन’ के रूप में विकसित करने तथा वहां प्रभावी नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रकों के अनधिकृत ठहराव और पार्किंग पर भी सख्ती बरतने का निर्णय लिया गया। डीएम ने संबंधित थानाध्यक्षों को नियमित निगरानी कर इस व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई करने तथा शहरवासियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन लागू करने को कहा।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, प्रभारी सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित थानाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।