सिंहवाड़ा में पुलिस सर्राफा कारोबारी बैठक के बाद एक्शन में आई पुलिस, बाजारों में दिन-रात पैदल गश्त शुरू

दस्तक 7मीडिया ,सिंहवाड़ा /

स्वर्णकार समाज और पुलिस प्रशासन के बीच बीते रविवार को नगर पंचायत भरवाड़ा में हुई समन्वय बैठक का असर दिखने लगा है। बैठक के बाद सिंहवाड़ा पुलिस हरकत में आ गई है और सर्राफा बाजारों में दिन रात पैदल गश्त तेज कर दी गई है। बताते चले कि पिछले दिनों स्वर्ण आभूषण व्यवसायियों के साथ बढ़ती चोरी, लूट और ठगी की घटनाओं को लेकर सदर एसडीपीओ टू एस.के. सुमन और कमतौल सिमरी जाले के साथ सिंहवाड़ा थाना अध्यक्ष बसंत कुमार की मौजूदगी में व्यापारियों ने सुरक्षा के मुद्दे उठाए थे। व्यापारियों ने त्योहारी सीजन में पुलिस गश्त बढ़ाने और बाजारों में स्थायी निगरानी की मांग की थी जिसके बाद असर दिखना शुरू हो गया है।थाना अध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि बैठक के तुरंत बाद सदर एसडीपीओ टू के निर्देश पर एक्शन प्लान तैयार किया गया। अब सिंहवाड़ा, सिमरी, भरवाड़ा और जाले के मुख्य सर्राफा बाजारों में सुबह से देर रात तक पुलिसकर्मी पैदल गश्त कर रहे हैं। वही गश्ती के दौरान पुलिस संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के साथ-साथ दुकानदारों से लगातार फीडबैक भी लिया जा रहा है। स्वर्णकार संघ के संरक्षक संभु ठाकुर ने कहा की बैठक के 48 घंटे के अंदर ही पुलिस सड़क पर दिखने लगी है। दिन में वर्दीधारी और रात में सादे कपड़ों में पुलिस की मौजूदगी से व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। सदर एसडीपीओ टू एसके सुमन ने बताया कि जल्द ही सर्राफा व्यवसायियों के साथ एक संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचे। साथ ही दुकानों में सीसीटीवी और सायरन लगाने के लिए व्यापारियों को नोटिस दिए जा रहे हैं।स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पुलिस की इस तत्परता से चोरी छिनतई की घटनाओं पर लगाम लगेगी और त्योहारी सीजन में ग्राहकों का भरोसा भी बढ़ेगा।