झूलते बिजली तार ने ली ग्रामीण की जान, उपफरदाहा में फूटा लोगों का गुस्सा

बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल, करंट लगने से नागो पासवान की दर्दनाक मौत

दस्तक 7मीडिया ,बेनीपुर/

बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र के शिवराम पंचायत अंतर्गत उपफरदाहा गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गई। करंट लगने से ग्रामीण नागो पासवान की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश व्याप्त है और ग्रामीण जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विगत दिनों आए आंधी-तूफान और बारिश के दौरान गांव के समीप बिजली का एक तार टूटकर नीचे झूलने लगा था। ग्रामीणों का आरोप है कि इस खतरनाक स्थिति पर न तो विभागीय कर्मियों की नजर पड़ी और न ही समय रहते इसकी मरम्मत कराई गई। बताया जाता है कि देर रात लगभग 12 बजे तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित थी। रात में बिजली आने के बाद झूलता हुआ तार करंट प्रवाहित होने लगा।

सोमवार की सुबह नागो पासवान अपने गांव की गाछी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क बिजली के लटके हुए तार से हो गया। तेज करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट का प्रभाव इतना गंभीर था कि मृतक के हाथ-पैर बुरी तरह झुलस गए।

घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए इसे घोर लापरवाही का परिणाम बताया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते झूलते तार को दुरुस्त कर दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं अनुमंडल प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।