शादी के सपनों पर मौत का साया: प्रेमी ने दिल्ली में लगाई फांसी, सदमे में प्रेमिका ने भी तोड़ा दम

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

तीन वर्षों के प्रेम संबंध, परिवारों की सहमति और शादी की तैयारियों के बीच एक प्रेमी युगल की दर्दनाक मौत ने दो जिलों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस रिश्ते को कुछ ही दिनों बाद सात फेरों में बंधना था, वह अचानक दो अर्थियों में बदल गया। पहले प्रेमी ने दिल्ली में फांसी लगाकर जान दे दी, और कुछ ही घंटों बाद प्रेमिका ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, केवटी थाना क्षेत्र के खिरमा-पथरा निवासी गौरव साहू (25) दिल्ली के जगतपुरी इलाके में रहकर कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था। 27 मई को उसने अपने किराये के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

गौरव की मौत की खबर जैसे ही उसकी प्रेमिका रूपा कुमारी (20) तक पहुंची, उसने भी अपने घर नारायणपट्टी (राजनगर, मधुबनी) में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।

परिजनों ने गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद गुरुवार देर रात रूपा ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद बेंता थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

तीन साल का प्यार, दोनों परिवारों की रजामंदी और शादी की तैयारी

मृतका की मां मंजू देवी के अनुसार, गौरव और रूपा की मुलाकात करीब तीन वर्ष पहले एक शादी समारोह में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरा हो गया। रिश्ते की जानकारी दोनों परिवारों को थी और शादी के लिए भी सहमति बन चुकी थी।

परिजनों ने बताया कि 24 जून को गौरव की बड़ी बहन की शादी तय थी। उसी के बाद गौरव और रूपा की शादी कराने की तैयारी चल रही थी। घरों में खुशियों की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं, लेकिन अचानक हुई इस त्रासदी ने सब कुछ उजाड़ दिया।

आखिर क्या हुआ था दोनों के बीच?

परिवार के लोगों का कहना है कि गौरव हाल ही में गांव आया था और रूपा से उसकी मुलाकात भी हुई थी। 26 मई को वह वापस दिल्ली लौटा और अगले ही दिन आत्महत्या कर ली। गौरव की मौत की सूचना मिलने के कुछ घंटों बाद रूपा ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि शादी के इतने करीब पहुंच चुका यह रिश्ता मौत के अंधेरे में समा गया। परिजनों के मुताबिक दोनों के बीच नियमित बातचीत होती थी और रिश्ते में किसी बड़े विवाद की जानकारी उन्हें नहीं थी।

दो परिवारों में मातम, गांव में सन्नाटा

एक साथ दो युवाओं की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर इस दर्दनाक अंत के पीछे क्या वजह थी।

पुलिस ने मामले की सूचना संबंधित थाना को भेज दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल दोनों के आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह रहस्य बनी हुई है।