दरभंगा पुलिस की  कार्रवाई: अभियुक्त गिरफ्तार, इश्तिहार तामिल, गुम मोबाइल बरामद, 630 लीटर शराब जब्त

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया, न्यायालय के आदेश पर इश्तिहार तामिल कराया, गुम मोबाइल बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सौंपा तथा भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की।

मोरो थाना पुलिस ने थाना कांड संख्या-41/26, धारा 109 बीएनएस के प्राथमिकी अभियुक्त उमाशंकर ठाकुर, निवासी पटोरी, थाना मोरो, जिला दरभंगा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं कमतौल थाना पुलिस ने माननीय न्यायालय द्वारा निर्गत इश्तिहार वारंट के आलोक में इंदिरा देवी, पति स्वर्गीय विनोद ठाकुर एवं पंकज कुमार ठाकुर, पिता स्वर्गीय विनोद ठाकुर, दोनों निवासी सिरहुली, थाना कमतौल, जिला दरभंगा के आवास पर पहुंचकर विधिवत इश्तिहार का तामिला कराया।

इधर, दरभंगा पुलिस के ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत कमतौल थाना क्षेत्र से गुम हुए एक मोबाइल फोन को बरामद किया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद मोबाइल उसके वास्तविक धारक को सुपुर्द कर दिया गया, जिससे संबंधित व्यक्ति ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

उधर, बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत मब्बी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। गुप्त सूचना के आधार पर करहटिया मोड़ के समीप छापेमारी कर पुलिस ने 630 लीटर नेपाली देशी सौरभ शराब जब्त की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा शराब तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।

दरभंगा पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण, सेवन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।