सीवान :कर्तव्य में लापरवाही पर पुलिस पदाधिकारी निलंबित, दो गृहरक्षकों पर भी गिरी गाज
दस्तक 7मीडिया ,सिवान/
सिवान पुलिस अधीक्षक ने बड़हरिया थाना क्षेत्र में युवक शहजाद अली की हत्या से जुड़े मामले की समीक्षा के बाद कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में एक पुलिस पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही दो गृहरक्षकों के अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बड़हरिया थाना कांड संख्या-230/26 की समीक्षा के दौरान पाया गया कि 30 मई 2026 को डायल-112 पर तैनात पुलिस पदाधिकारी पुअनि संजीव कुमार को ग्राम शिवराजपुर में एक युवक को चोरी के आरोप में पकड़कर पीटे जाने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद उन्होंने युवक को भीड़ के कब्जे से मुक्त कर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उसे वहीं छोड़ दिया।
आरोप है कि इसके बाद ग्रामीणों द्वारा युवक शहजाद अली की पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में डायल-112 पर तैनात गृहरक्षक नंदजी यादव और मुक्तिनाथ की ड्यूटी भी लगी हुई थी।
प्रारंभिक जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की ओर से कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता तथा पुलिस दायित्वों के निर्वहन में गंभीर त्रुटि पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने पुअनि संजीव कुमार को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, सिवान निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा दोनों गृहरक्षकों के अनुबंध निरस्तीकरण के लिए जिला पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा गया है। वहीं बड़हरिया थानाध्यक्ष से भी 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।