समाहरणालय का‘MAY I HELP YOU’डेस्क बना शोपीस,जानकारी के लिए परेशान हुए आगंतुक,बोर्ड लगा,कुर्सी सजी,लेकिन गायब रहा कर्मी; हेल्प डेस्क पर भटकते रहे लोग।

हेल्प डेस्क पर नहीं मिला मददगार,चिलचिलाती धूप में कार्यालय खोजते रहे लोग

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा :

आम लोगों की सुविधा के लिए दरभंगा समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी कार्यालय के बाहर “मे आई हेल्प यू” हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। इसके लिए बाकायदा बोर्ड भी लगाया गया है,जिस पर लिखा है कि सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित जानकारी यहां से प्राप्त की जा सकती है। लेकिन धरातल पर स्थिति कुछ और ही नजर आ रही है।
हेल्प डेस्क पर कुर्सी,टेबल और सूचना बोर्ड तो मौजूद है,लेकिन जिस कर्मी की ड्यूटी वहां लगाई गई है,वह नदारद है।

नतीजतन,दूर-दराज से आने वाले लोगों को आवश्यक जानकारी नहीं मिल पाती और उन्हें कार्यालयों का पता लगाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। बताया जाता है कि दरभंगा समाहरणालय में कई विभागों और पदाधिकारियों के कार्यालय संचालित होते हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों से आते हैं। कई लोग जिला पदाधिकारी से मिलने भी पहुंचते हैं। पहले लोगों को यह जानकारी नहीं मिल पाती थी कि किस पदाधिकारी का कार्यालय किस भवन या कक्ष में है,जिसके कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने “मे आई हेल्प यू” हेल्प डेस्क की स्थापना की थी,ताकि लोगों को सही मार्गदर्शन मिल सके और वे बिना भटके अपने संबंधित कार्यालय तक पहुंच सकें। लेकिन वर्तमान स्थिति में हेल्प डेस्क अपने उद्देश्य को पूरा करता दिखाई नहीं दे रहा है। मंगलवार को भी जिला पदाधिकारी कार्यालय के बाहर लगे हेल्प डेस्क पर कोई कर्मी मौजूद नहीं मिला। कई लोग चिलचिलाती धूप में जानकारी प्राप्त करने के लिए वहां बैठे रहे,लेकिन उन्हें सहायता देने वाला कोई नहीं था। मजबूर होकर लोगों को स्वयं विभिन्न कार्यालयों की तलाश में समाहरणालय परिसर में चक्कर लगाने पड़े। काफी मशक्कत और पूछताछ के बाद लोगों को अपने संबंधित कार्यालयों का पता चल सका। कुछ लोगों का कहना है कि यदि हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मी अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहते,तो उन्हें इस भीषण गर्मी में भटकने और परेशानी उठाने की जरूरत नहीं पड़ती। स्थानीय लोगों और समाहरणालय आने वाले आगंतुकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि हेल्प डेस्क की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए तथा वहां तैनात कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए,ताकि आम जनता को वास्तव में इसका लाभ मिल सके और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।