भूमि विवाद में हत्या की आशंका! बागमती नदी से मिले शव की हुई पहचान, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
हनुमाननगर, संवाददाता
मोरो थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव के समीप बागमती नदी में शुक्रवार की शाम बरामद अज्ञात शव की पहचान हो गई है। शव मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसघट्टा गांव निवासी स्वर्गीय गंगोली सहनी के पुत्र कृपाल सहनी का निकला।
रविवार को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में संरक्षित शव की पहचान मृतक के पुत्र संतोष कुमार सहनी, फनिन्द्र सहनी और छोटू सहनी ने की। पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि कृपाल सहनी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुजफ्फरपुर जिले के हथौरी थाना क्षेत्र स्थित हथौरी गांव में ससुराल में रह रहे थे। करीब छह दिन पहले वे अपने पैतृक गांव बसघट्टा भूमि विवाद के मामले को सुलझाने के लिए आए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला।
परिवार के लोगों ने बताया कि दो-तीन दिनों तक उनके लौटने का इंतजार किया गया, लेकिन जब वे वापस नहीं आए तो खोजबीन शुरू की गई। काफी तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर मृतक के पुत्र ने कटरा थाना में पिता के लापता होने की सूचना देते हुए आवेदन दिया था।
मृतक के पुत्रों ने आरोप लगाया है कि भूमि विवाद को लेकर उनके पिता की हत्या की गई है और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को नदी में फेंक दिया गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इधर, मोरो थानाध्यक्ष दिव्य ज्योति ने बताया कि शव की पहचान मृतक के पुत्रों द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले का अनुसंधान शुरू कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस अब मौत के कारणों तथा हत्या के आरोपों की जांच में जुट गई है।