विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों की बैठक, सांसद व मंत्री को दिया साधुवाद

दस्तक 7 मीडिया ,हनुमाननगर / दरभंगा

पटोरी जनता पुस्तकालय प्रांगण में गुरुवार को शिक्षक नवीन कुमार चौधरी की अध्यक्षता में ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा क्षेत्रीय सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई।

बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 09वीं कक्षा के सिलेबस, टीईटी एवं सीईटी परीक्षाओं में मैथिली भाषा को शामिल किए जाने की मांग का समर्थन किया। साथ ही पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय-03 दरभंगा एम्स को प्लस टू हाईस्कूल कोलहंटा पटोरी परिसर में बाल वाटिका से कक्षा पांच तक के छात्र-छात्राओं के लिए सत्र 2026-27 से नामांकन प्रक्रिया शुरू कराने तथा शिक्षकों की चयन प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग उठाई गई।

ग्रामीणों ने दरभंगा एम्स एवं अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा निर्माण कार्य की प्रगति, विशनपुर-अतरबेल पथ के चौड़ीकरण सह नव निर्माण कार्य की स्वीकृति सहित अन्य विकास योजनाओं को

तल पर उतारने के प्रयास के लिए स्थानीय सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर तथा क्षेत्रीय विधायक सह उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी को सर्वसम्मति से साधुवाद ज्ञापित किया।

वहीं बैठक में प्रस्ताव पारित कर प्रस्तावित दरभंगा-मुजफ्फरपुर नई रेल लाइन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए दोनों नेताओं से पहल करने की मांग की गई।

बैठक में सत्येन्द्र कुमार चौधरी, रामनारायण चौधरी, राकेश कुमार, हरिओम मिश्रा, राजीव कुमार मिश्रा, मदन कुमार झा, रागिनी कुमारी, रामललित चौधरी, राजन कुमार चौधरी, उज्जवल आनंद, सनी, अंकित, अंबूज समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।