सिमरी में दर्दनाक हादसा जेसीबी के खोदे गड्ढे में डूबने से दो बच्चियों की मौत

दस्तक 7 मीडिया /सिंहबाड़ा 

सिमरी थाना क्षेत्र के गौड़ा पंचायत वार्ड 3 में मंगलवार दोपहर जेसीबी से खोदे गड्ढे में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया। बताया जाता है कि मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे गांव की 6-7 बच्चियां चूल्हा बनाने के लिए वसी चौड़ में मिट्टी लेने गई थीं। इसी दौरान 14 वर्षीय निशा कुमारी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। निशा को बचाने गई 11 वर्षीय शिवानी कुमारी भी डूब गई। तीसरी बच्ची सिवरन कुमारी (13) ने बचाने की कोशिश की लेकिन ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित निकाल लिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तीनों को बाहर निकाला। सिवरन ठीक थी, पर निशा और शिवानी की हालत गंभीर थी। दोनों को स्थानीय सीएचसी सिंहवाड़ा ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। निशा सातवीं की छात्रा थी, उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। शिवानी चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। एक साथ दो मौतों से गांव में कोहराम मच गया। छोटी बहनें बिलखते हुए बोलीं, दीदी अब हम केकरा साथे स्कूल जबाई की चीत्कार सुनकर लोग गमगीन हो गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से जेसीबी के खतरनाक गड्ढों को भरवाने और सुरक्षा इंतजाम की मांग की है। मौके पर पूर्व मुखिया महबूब आलम, समाजसेवी फैयाज आलम समेत कई लोग मौजूद रहे और परिजनों को ढांढस बंधाया।