CCTNS कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, रियल टाइम एंट्री सुनिश्चित करें : एसएसपी

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा द्वारा मंगलवार को अपने कार्यालय स्थित सभा कक्ष में जिले के सभी थानों के संचालित CCTNS प्रभारी के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में CCTNS एवं अन्य आईटी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों एवं CCTNS कर्मियों को निर्देश दिया कि स्टेशन डायरी, प्राथमिकी रिपोर्ट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रविष्टि CCTNS में वास्तविक समय में सुनिश्चित की जाए। साथ ही ई-साक्ष्य ऐप पर कांड से संबंधित महत्वपूर्ण वीडियो एवं फोटो नियमानुसार अपलोड करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में पुराने कांडों की केस डायरी को वर्षवार CCTNS पर अपलोड करने, ई-समन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन तथा दर्ज प्राथमिकी एवं गिरफ्तारी मेमो को 24 घंटे के भीतर SCRB पोर्टल पर अपलोड करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अलावा CriMAC के माध्यम से जीरो FIR को दूसरे राज्यों में भेजने, आरोप पत्र एवं अंतिम प्रपत्र को CCTNS पर अपलोड करने, गुमशुदा व्यक्तियों की फोटो एवं विवरण विभिन्न पोर्टलों पर समय से अपलोड करने पर विशेष जोर दिया गया।

एसएसपी ने सभी संबंधित कर्मियों को CriMAC एवं ICJS पोर्टल पर प्रतिदिन लॉगिन एवं सर्च करने तथा मिशन वात्सल्य पोर्टल पर गुमशुदा व्यक्तियों से संबंधित प्रविष्टियां समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में आईटी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी भी दी गई।