गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग तेज,

गौ हत्या पर आजीवन कारावास कानून बनाने की भी उठी मांग

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा

कांग्रेस नेता सह वार्ड 29 के पार्षद डॉ. मुन्ना खान ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई है। उन्होंने सोशल मीडिया एवं मीडिया के माध्यम से कहा कि गाय करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी हुई है और इसे राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिया जाना चाहिए।

डॉ. खान ने कहा कि जिस प्रकार मोर को राष्ट्रीय पक्षी, बाघ को राष्ट्रीय पशु, कमल को राष्ट्रीय फूल तथा हॉकी को राष्ट्रीय खेल का दर्जा प्राप्त है, उसी प्रकार गाय को भी राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मांग का पूरे देश में समर्थन होना चाहिए।

उन्होंने केंद्र सरकार से अविलंब कैबिनेट की बैठक बुलाकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की। साथ ही गौ हत्या पर आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान करने की भी बात कही। उन्होंने गौ की खरीद-बिक्री करने वालों तथा गौमांस के निर्यात में शामिल लोगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई और आजीवन कारावास की सजा लागू करने की मांग की।

डॉ. खान ने लोगों से इस मुद्दे पर समर्थन में आवाज बुलंद करने की अपील की हे।