कोचिंग में नामांकन नहीं कराने पर 10 साल के बच्चे की बेरहमी से पिटाई,

दानापुर में नोटरी मजिस्ट्रेट के बेटे को रास्ते में रोककर डंडों से पीटा, दो आरोपी हिरासत में

दस्तक 7 मीडिया,पटना/दानापुर।

राजधानी पटना के दानापुर इलाके से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कोचिंग में नामांकन नहीं कराने पर 10 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित बच्चा दानापुर कोर्ट में कार्यरत एक नोटरी मजिस्ट्रेट का बेटा बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार दानापुर के यदुवंशी नगर निवासी रामेश्वर राय के पुत्र अनुज शेखर यादव पर कोचिंग संचालक विशाल Kumar और उसके भाई विक्की कुमार ने हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों भाई बच्चे पर अपने कोचिंग संस्थान में नामांकन कराने का लगातार दबाव बना रहे थे।

परिजनों ने बताया कि अनुज पहले से ही दूसरे कोचिंग संस्थान में पढ़ाई कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने रास्ते में रोककर उसके साथ लाठी-डंडे से मारपीट की। हमले में बच्चे के हाथ, पीठ और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी अक्सर इलाके के बच्चों पर अपने कोचिंग में पढ़ने का दबाव बनाते थे। इतना ही नहीं, बच्चों को धमकी भी दी जाती थी कि “अगर हमारे यहां नहीं पढ़ोगे तो रोज मारेंगे।”

घटना को लेकर दानापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शिक्षा के नाम पर बच्चों पर दबाव और हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती।