रेरा की सख्ती: बिना निबंधन प्लॉटिंग पर कार्रवाई, घर-फ्लैट खरीदने से पहले करें जांच

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के प्रभावी क्रियान्वयन और अवैध प्लॉटिंग पर रोक को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रेरा बिहार के जांच आयुक्त संजय कुमार सिंह ने की।

बैठक में फ्लैट एवं भूखंड खरीदारों के हितों की सुरक्षा, रेरा अधिनियम के अनुपालन और नियम उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि किसी भी घर, फ्लैट या प्लॉट में निवेश करने से पहले संबंधित परियोजना का रेरा निबंधन अवश्य जांच लें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 5300 वर्ग फीट से अधिक भूखंड अथवा 8 यूनिट से अधिक वाले अपार्टमेंट प्रोजेक्ट का रेरा में निबंधन अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि जमीन या अपार्टमेंट खरीदने से पहले सभी आवश्यक जांच कर लेना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही जिला प्रशासन और नगर निकायों की भूमिका को रेरा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम बताया।

बैठक में रेरा बिहार की टीम ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, प्रशासनिक जिम्मेदारियों और बिहार भवन उपनियम 2014 के संशोधित प्रावधानों की जानकारी दी।

बैठक में बताया गया कि रेरा ने 14 परियोजनाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। संबंधित प्लॉटों के निबंधन और दाखिल-खारिज पर रोक लगाने का निर्देश भी जारी किया गया है।

आयुक्त ने निर्देश दिया कि किसी कंपनी के नाम पर हो रही प्लॉटिंग या रजिस्ट्री की गहन जांच की जाए। एक ही खाता और खेसरा की बार-बार रजिस्ट्री की शिकायतों पर भी विशेष नजर रखने को कहा गया।

उन्होंने नगर निकायों को निर्देश देते हुए कहा कि बिना नक्शा पास कराए मकान निर्माण नहीं होने दिया जाए। नियोजित विकास से सड़क, पार्क, बिजली और नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध हो पाती हैं।

बैठक में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि रेरा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और जिले में अधिनियम का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में वरीय भू-राजस्व अधिकारी रेरा अमरेंद्र शाही, अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, सदर एसडीओ विकास कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे।