कुशेश्वरस्थान में आंधी-तूफान का कहर, करोड़ों की संपत्ति का नुकसान।

दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थान।

कुशेश्वरस्थान प्रखंड में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। बुधवार को अचानक मौसम बदलने के साथ तेज हवाओं और बारिश ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। प्रखंड के लगभग 9 पंचायतों के अधिकांश गांवों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। इस प्राकृतिक आपदा में लोगों को करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
तेज आंधी के कारण कई जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। वहीं प्रखंड मुख्यालय स्थित इंटरनेट टॉवर भी तेज हवा की चपेट में आकर गिर पड़ा। इंटरनेट टॉवर गिरने से संचार व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई जिससे सरकारी कामों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आंधी-तूफान के दौरान कई बिजली के खंभे और तार टूटकर गिर गए, जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों और बाजार के लोग अंधेरे में रहने के लिए मजबूर है। बिजली विभाग की टीम क्षतिग्रस्त लाइन और खंभों को ठीक करने में जुटी हुई है, लेकिन नुकसान अधिक होने के कारण आपूर्ति बहाल करने में समय लग सकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में कई घरों के टिन और एस्बेस्टस की छत उड़ गई। किसानों को भी भारी क्षति पहुंची है। कई जगहों पर मवेशियों के लिए बनाए गए शेड भी टूट गए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र राहत और मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अचानक आए इस तूफान ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। कई परिवारों के सामने खाने और रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने में जुट गए हैं। अंचल एवं प्रखंड प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।