पंचायत में दबाने की कोशिश के बीच युवती ने चाचा पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, एफआईआर दर्ज
पंचायत में दबाने की कोशिश के बीच युवती ने चाचा पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, एफआईआर दर्ज
पंचायत में दबाने की कोशिश के बीच युवती ने चाचा पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, एफआईआर दर्ज
दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।
स्थानीय थाना क्षेत्र के दथुआ गांव की एक 19 वर्षीय युवती ने अपने ही चाचा पर जबरन कमरे में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामले को पंचायत स्तर पर दबाने और समझौता कराने की कोशिश के बीच पीड़िता ने थाना पहुंचकर आवेदन दिया, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसके माता-पिता मुंबई में रहते हैं और वह गांव में अपने वृद्ध दादा के साथ रहती है। आरोप है कि 23 अप्रैल की रात उसका चाचा वसंत तांती जबरन कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। युवती का कहना है कि घटना के बाद परिवार के कुछ लोगों ने मामले को घर की इज्जत का सवाल बताकर दबाने की कोशिश की। बाद में गांव में पंचायत भी बुलाई गई, जहां आरोपी पक्ष पर जुर्माना लगाने की बात तय हुई थी। हालांकि तय समय पर राशि नहीं देने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।
पीड़िता ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि पंचायत के दौरान आरोपी पक्ष के लोगों ने उसके रिश्तेदारों के साथ मारपीट की। इस घटना में उसके मौसा का सिर फट गया। युवती के अनुसार, जब वह अपने माता-पिता के साथ थाना जाने लगी तो रास्ते में ग्राम पंचायत के सरपंच समेत कुछ लोगों ने घेरकर डराने-धमकाने की कोशिश की।
घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले को पंचायत में निपटाने की कोशिश की गई, लेकिन पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस का सहारा लिया।इधर, घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।