प्रतिभा सम्मान समारोह में 95 मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित,

डीएम कौशल कुमार बोले – मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग पढ़ाई के लिए करें, लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित अंबेडकर सभागार में शनिवार को जेसीआई दरभंगा मिडटाउन द्वारा “प्रतिभा सम्मान 2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सीबीएसई, आईसीएससी एवं बिहार बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुल 95 मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। उनके साथ अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, रेड क्रॉस सोसाइटी के राज्य प्रतिनिधि डॉ. राम बाबू खेतान, संरक्षक सदस्य नीरज खेड़िया सहित संस्था के अध्यक्ष प्रथम मित्तल, सचिव उधव खेड़िया, शुभम चौधरी एवं कार्यक्रम संयोजक प्रेयेष पौद्दार उपस्थित रहे।

समारोह में उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने विद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए या 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। संस्था के अध्यक्ष प्रथम मित्तल ने मुख्य अतिथि को पाग, चादर, पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया, जबकि सचिव उधव खेड़िया ने अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे में न आएं और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग पढ़ाई एवं ज्ञानवर्धन के लिए होना चाहिए, न कि केवल रील और मनोरंजन के लिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवनशैली अपनाने की भी सलाह दी।

संस्था के अध्यक्ष प्रथम मित्तल ने कहा कि जेसीआई दरभंगा मिडटाउन समाज के हर वर्ग और हर समुदाय के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा हाल ही में दो मध्य विद्यालयों में आरओ सिस्टम लगाया गया है, ताकि बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। आगे भी संस्था जिला प्रशासन के सहयोग से शिक्षा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता से जुड़े कार्यक्रम चलाती रहेगी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शुभम चौधरी, शालीन पंसारी, गौरव सिंह, पारूष चौधरी सहित माउंट समर स्कूल के निदेशक राघवेन्द्र कुमार की अहम भूमिका रही। अंत में सचिव उधव खेड़िया ने सभी अभिभावकों, विद्यालयों एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।