दरभंगा में ITI CAT-2026 परीक्षा कल, 21 केंद्रों पर होगी परीक्षा,परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू, मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद, पटना द्वारा आयोजित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान प्रतियोगिता प्रवेश परीक्षा (ITI CAT-2026) को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 17 मई को जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।

जिला दंडाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने परीक्षा के शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सफल संचालन को लेकर परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, हथियार अथवा विस्फोटक सामग्री लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर भी रोक लगाई गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, व्हाइटनर, इरेजर, ब्लेड, सेल्युलर फोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मी, सुरक्षा बल, प्रशासनिक पासधारी, शवयात्रा, धार्मिक जुलूस तथा शादी-विवाह कार्यक्रम में शामिल लोगों को इस आदेश से छूट दी गई है।