दरभंगा में वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र की मांग तेज,जिला वॉलीबॉल संघ ने खेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन, युवाओं के भविष्य को लेकर उठाई आवाज
दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /
दरभंगा जिला वॉलीबॉल संघ की ओर से जिला सचिव ब्रजेश सिंह राठौर ने बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को ज्ञापन सौंपकर दरभंगा में वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र एवं प्रशिक्षक की व्यवस्था करने की मांग की है। संघ ने कहा कि मिथिलांचल की राजधानी माने जाने वाले दरभंगा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उचित प्रशिक्षण और संसाधनों के अभाव में खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि दरभंगा में दो-दो विश्वविद्यालय परिसर होने के कारण यहां छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या मौजूद है तथा युवाओं के बीच खेलों के प्रति विशेष रुचि देखी जा रही है। ऐसे में वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना समय की आवश्यकता बन गई है।
संघ के अनुसार दरभंगा जिले के कई खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित होकर बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन तकनीकी प्रशिक्षण और उचित मंच नहीं मिलने के कारण अन्य जिलों की तुलना में यहां के खिलाड़ी पीछे रह जाते हैं। इससे बच्चों और युवाओं में निराशा बढ़ रही है।
जिला सचिव ब्रजेश सिंह राठौर ने बताया कि ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक लगातार वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिससे युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मार्च महीने में सदर प्रखंड के अनंत बाबू वॉलीबॉल ग्राउंड, रनना में आयोजित राज्य स्तरीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता ऐतिहासिक रूप से सफल रही थी।
संघ ने यह भी जानकारी दी कि मांग पत्र की प्रतिलिपि संजय सरावगी तथा बिहार राज्य खेल विभाग के सचिव को भी सौंपी गई है, ताकि दरभंगा के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रशिक्षक और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार की पहल से दरभंगा के खिलाड़ी राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
बेनीपुर विधायक प्रो. विनय चौधरी के सचेतक मनोनयन पर जदयू विधि प्रकोष्ठ में खुशी
बहेरी से दरभंगा तक वाम दलों का प्रदर्शन और सम्मेलन,महंगाई, बेरोजगारी, बुलडोजर राज और भ्रष्टाचार के खिलाफ गरजे नेता,15 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर बहेरी में अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी