लहेरियासराय थाना पहुंचे एसएसपी, लंबित कांडों की समीक्षा

,वारंट-इश्तेहार तामिला और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश

दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा/

वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा ने शुक्रवार को लहेरियासराय थाना पहुंचकर सभी अनुसंधानकर्ताओं के साथ लंबित कांडों की गहन समीक्षा की। बैठक में थानाध्यक्ष, पर्यवेक्षी पदाधिकारी समेत थाना के अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान एसएसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए माननीय न्यायालय से वारंट, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अनुसंधानकर्ताओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में थाना के विभिन्न पंजियों का भी निरीक्षण किया गया। इसमें जमानतीय एवं अजमानतीय पंजी, कांड दैनिकी पंजी, आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क, लोक शिकायत पंजी, केस डायरी तथा वारंट, इश्तेहार और कुर्की पंजियों का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के बाद सभी पंजियों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।

एसएसपी ने 90 दिनों से अधिक समय से लंबित कांडों का शीघ्र अनुसंधान पूरा करने, थाना क्षेत्र में नियमित और सघन गश्ती बढ़ाने तथा शराब माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान को और तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कांड दैनिकी नियमित रूप से अपडेट रखें और अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।