पांच साल में बिहार की एयर कनेक्टिविटी 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य : सम्राट चौधरी  ,दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा CISF को सौंपी, बोले- हर जिले तक पहुंचेगा एयर ट्रैफिक नेटवर्क

दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा औपचारिक रूप से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सौंपते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार की एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि राज्य में एयरपोर्ट, एयर स्ट्रिप और हेलीपोर्ट के माध्यम से सभी जिलों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

दरभंगा एयरपोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सीआईएसएफ के महानिदेशक प्रवीर रंजन को सांकेतिक चाबी और सीआईएसएफ का ध्वज सौंपकर सुरक्षा की जिम्मेदारी हस्तांतरित की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को सीमित स्तर पर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि ईंधन बचत और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकारी कार्यक्रमों में कम से कम वाहनों के उपयोग का निर्देश दिया गया है।

सम्राट चौधरी ने मिथिला की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि माता जानकी की जन्मभूमि और मखाना उत्पादन के कारण मिथिलांचल की पहचान विश्व स्तर पर बनी है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी का व्यापक विस्तार हुआ है, जिसे अब और गति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2005-06 में बिहार से सालाना हवाई यात्रा करने वालों की संख्या करीब ढाई लाख थी, जो अब बढ़कर 50 लाख से अधिक हो गई है। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में इसे बढ़ाकर चार से पांच करोड़ तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर, रक्सौल, सहरसा और वीरपुर में एयरपोर्ट निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि पूर्णिया एयरपोर्ट चालू हो गया है। मुंगेर, अजगैबीनाथ, भागलपुर और बेगूसराय एयरपोर्ट को भी शीघ्र चालू कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट का नाम बाबा विद्यापति के नाम पर रखने और इसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

कार्यक्रम को जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, सांसद गोपाल जी ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी और सीआईएसएफ महानिदेशक प्रवीर रंजन ने भी संबोधित किया।इस दौरान सीआईएसएफ जवानों ने मुख्यमंत्री के समक्ष सुरक्षा कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।