दरभंगा के कमतौल में बारात में पिस्तौल लहराते नाचे युवक, तीन हिरासत में, डीएसपी बोले – होगी सख्त कार्रवाई

दस्तक सेवन मीडिया /सिंहवाड़ा

दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। कमतौल थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान कुछ युवकों ने खुलेआम पिस्तौल लहराते हुए जमकर उत्पात मचाया। हथियार के साथ डांस करते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। कमतौल थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह चल रहा था। इसी बीच कुछ युवक अचानक उग्र हो गए और हाथों में पिस्तौल लेकर नाचने लगे। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक बेखौफ होकर हथियार लहरा रहे हैं और डीजे की धुन पर थिरक रहे हैं। वही राहगीरों को भी किया परेशान स्थानीय लोगों के मुताबिक, हथियारबंद युवकों ने न सिर्फ बारातियों के साथ बदसलूकी की, बल्कि सड़क से गुजर रहे लोगों को भी रोका और धमकाया। अचानक हुई इस हरकत से शादी में भगदड़ जैसा माहौल बन गया। महिलाएं और बच्चे दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कई युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। सदर टू डीएसपी बोले एसके सुमन ने कहा की सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो में दिख रहे सभी युवकों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ विधिसम्मत और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी