दरभंगा में गैस की भरपूर आपूर्ति: 11,800 सिलेंडर वितरित, कल 27 हजार से अधिक का लक्ष्य

दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा

जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने राहत भरी जानकारी दी है। बुधवार को 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 11,795 एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं के बीच वितरित किए गए। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 9,196, बेनीपुर में 1,671 और बिरौल अनुमंडल में 928 सिलेंडर शामिल हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) सुरेश कुमार के अनुसार, वितरण के बाद भी 12,078 सिलेंडर विभिन्न एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह संतुलित बनी हुई है।

प्रशासन ने गुरुवार, 7 मई के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है। इसके तहत दरभंगा सदर अनुमंडल में 18,546, बेनीपुर में 2,253 और बिरौल में 6,273 सिलेंडर वितरित किए जाने की योजना है।

उप निदेशक जन-संपर्क सत्येन्द्र प्रसाद ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के जरिए गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए कैटरिंग के माध्यम से कमर्शियल गैस सिलेंडर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे अवसरों पर नियमानुसार उपभोक्ताओं को अधिकतम पांच कमर्शियल सिलेंडर दिए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिया है कि पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ वितरण सुनिश्चित करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06272-245055 पर संपर्क करें। अधिकारियों का दावा है कि प्राप्त अधिकांश शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा चुका है।

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मुनाफाखोरी और जमाखोरी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।