हरदिल अज़ीज़ अधिवक्ता कृष्ण कुमार दास का निधन, बार में शोक की लहर

दस्तक 7 मीडिया ,विधि संवाददाता  /दरभंगा 

दरभंगा के प्रतिष्ठित और लोकप्रिय अधिवक्ता कृष्ण कुमार दास के आकस्मिक निधन से न्यायिक जगत में गहरा शोक व्याप्त हो गया है। उनके निधन की सूचना मिलते ही जिला भर के अधिवक्ताओं में मायूसी छा गई और शोक की लहर दौड़ गई।

शनिवार को वकालतखाना भवन परिसर में जिला बार एसोसिएशन, दरभंगा के अध्यक्ष चन्द्रधर मल्लिक की अध्यक्षता में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा की शुरुआत दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर की गई, जिसमें उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन के महासचिव कृष्ण कुमार मिश्रा ने शोक व्यक्त करते हुए घोषणा की कि दिवंगत अधिवक्ता के सम्मान में शनिवार को सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इस निर्णय की सूचना जिले के सभी न्यायालयों को भी प्रेषित कर दी गई।

सभा में अधिवक्ता ज्योतिष प्रसाद साहू, अनिल कुमार प्रसाद, रामवृक्ष सहनी, मुरारी लाल केवट, रामकृष्ण ठाकुर ‘रमण’, अजीत कुमार संडवार सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय दास के व्यक्तित्व और उनके योगदान को याद करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।