लहेरियासराय थाना क्षेत्र के भिगो मुहल्ले में नवयुवक की गोली मारकर हत्या, गाछी में मिला शव,इलाके में दहशत

प्रेम प्रसंग और पीछा किए जाने की बात आई सामने, फोरेंसिक टीम जुटी जांच में, एक संदिग्ध हिरासत में

दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा /गुड्डू राज

लहेरियासराय थाना क्षेत्र के भिगो मुहल्ला स्थित मुरदईया गाछी में एक नवयुवक की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मुहल्ले के लोग दहशत में हैं और इलाके में भय का माहौल व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक एवं डीएसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं लहेरियासराय थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।

मृतक की पहचान एपीएम थाना क्षेत्र के सिरनिया गांव निवासी मो. अरमान के रूप में की गई है। घटना को लेकर मृतक के मामा मो. परवेज ने बताया कि अरमान का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। उन्होंने बताया कि बीते शाम अरमान उक्त युवती के साथ एक होटल गया था और फोन कर दो हजार रुपये भी मंगाए थे।

मामा के अनुसार, होटल से निकलने के बाद मोटरसाइकिल सवार चार-पांच युवकों ने उसका पीछा किया था। रात करीब आठ बजे के बाद से अरमान का मोबाइल बंद आने लगा। इस संबंध में एपीएम थाना में आवेदन भी दिया गया था, लेकिन सुबह उसकी हत्या की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंचने पर गाछी में उसका शव पड़ा मिला।

इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में कुछ युवक नशे के सेवन के बाद आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और शव को सुनसान गाछी में लाकर फेंक दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में युवती समेत एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा हे यह वही लड़की हे जिससे मृतक का प्रेम प्रसंग चल रहा था । हालांकि स्थानीय पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही हे ।

वहीं फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।