नगर पंचायत कर्मी से मारपीट का आरोप, मुख्य पार्षद व पुत्र पर प्राथमिकी दर्ज
दस्तक 7 मीडिया,कुशेश्वरस्थान /
कुशेश्वरस्थान पूर्वी नगर पंचायत में एक कार्यालय कर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी गोपाल कुमार के आवेदन पर मुख्य पार्षद शत्रुघ्न पासवान उर्फ जैरुण पासवान एवं उनके पुत्र अंकित पासवान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के कार्यालय कर्मी किरण कुमार ठाकुर ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि मुख्य पार्षद ने उन्हें मोबाइल फोन से अपने निजी कार्यालय कक्ष में बुलाया। वहां दरवाजा बंद कर उनके साथ लात-घूंसे एवं डंडे से मारपीट की गई और गाली-गलौज भी की गई। आरोप है कि पूर्व में चल रही एक योजना के लेटर पैड को नहीं हटाने को लेकर मुख्य पार्षद नाराज थे, जिसके कारण यह घटना हुई।
कार्यपालक पदाधिकारी गोपाल कुमार ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि मुख्य पार्षद द्वारा पहले भी कई बार कार्यालय कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने संबंधित कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए आवेदन की प्रति प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना, जिला पदाधिकारी दरभंगा, वरीय पुलिस अधीक्षक, एसडीओ एवं एसडीपीओ बिरौल को भी भेजी है।
इधर, थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य पार्षद एवं उनके पुत्र को नामजद किया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, मुख्य पार्षद शत्रुघ्न पासवान ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की जांच को लेकर विवाद हुआ था और कार्यालय कर्मी की ओर से ही पहले मारपीट की गई।
अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़, फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले नेटवर्क का पुलिस ने किया खुलासा
नगर पंचायत सिकन्दरा के कार्यपालक पदाधिकारी ₹50 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार,प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रति फाइल ₹2500 की मांग, विशेष निगरानी इकाई की बड़ी कार्रवाई