बाल विवाह के खिलाफ जागरूक हुईं छात्राएं, शपथ लेकर दिया मजबूत संदेश

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

महिला एवं बाल विकास निगम, दरभंगा के तत्वावधान में शुक्रवार को सदर प्रखंड के कबीरचक स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लेकर बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जानकारी हासिल की।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह न केवल बालिकाओं के स्वास्थ्य और शिक्षा पर प्रतिकूल असर डालता है, बल्कि उनके भविष्य के अवसरों को भी सीमित कर देता है।

जेंडर स्पेशलिस्ट डॉली कुमारी ने छात्राओं को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आर्थिक सशक्तिकरण और बचत की आदत विकसित करने पर विशेष जोर दिया। वहीं, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक आजमतुन निशा ने बालिकाओं को कानूनी सहायता, हेल्पलाइन नंबर 181 और 1098 सहित अन्य सुरक्षा सेवाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में लेखा सहायक अनमोल ज्योति की भी सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वह क्षण रहा जब सभी छात्राओं को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक रहने और इसे रोकने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने एक स्वर में दोहराया कि बाल विवाह बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है।

अंत में छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाज के सभी वर्गों से बाल विवाह उन्मूलन के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की गई।