एडीएम की अध्यक्षता में जन-सुनवाई, कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

“सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत समाहरणालय परिसर में आयोजित जन-सुनवाई में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी पहल देखने को मिली। जिला पदाधिकारी  कौशल कुमार के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्त्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर ने की।

जिला पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में आयोजित जन-सुनवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी एवं शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

अपर समाहर्त्ता ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान 20 से अधिक मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से कई का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया।जन-सुनवाई में प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, शिक्षा, आयुष्मान कार्ड, बिजली, नल-जल योजना सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल रहे।

अपर समाहर्त्ता  सलीम अख्तर ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से सुनिश्चित किया जाए।